Advertisement

नाराज़ कार्यकर्ताओं को साधने मैदान में उतरे विनय कुमार, बोले- अब राजीव भवन से होंगे लंबित काम

Spread the love
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लिया जिम्मा, कहा- मुख्यमंत्री से कई बार मिलने के बाद भी जिन कार्यकर्ताओं के काम नहीं हुए, वे सीधे मेरे पास आएं


शिमला। कांग्रेस संगठन और सरकार के बीच कार्यकर्ताओं की बढ़ती नाराज़गी को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नया फॉर्मूला सामने रखा है। संगठन में कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने और उनकी शिकायतों का समाधान करने के लिए उन्होंने स्वयं जिम्मेदारी लेने की बात कही है।


राजीव भवन में कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान विनय कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यकर्ता, जो चार-पांच बार मुख्यमंत्री से मिलने के बावजूद अपने काम नहीं करा पाए हैं, वे अब सीधे उनके पास आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं उनके मामलों को देखेंगे और समाधान सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।


राजनीतिक हलकों में विनय कुमार के इस बयान को नाराज़ कार्यकर्ताओं को साधने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। लंबे समय से कांग्रेस के कई कार्यकर्ता सरकार में सुनवाई नहीं होने की शिकायत कर रहे थे। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष का सीधे जिम्मेदारी लेना संगठन की ओर से डैमेज कंट्रोल की कोशिश माना जा रहा है।


हालांकि, विपक्ष इस बयान को सरकार की कार्यप्रणाली पर अप्रत्यक्ष सवाल के रूप में भी देख सकता है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरना प्राथमिकता है।


विनय कुमार के इस संदेश से साफ संकेत गया है कि अब संगठन कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान में अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा और राजीव भवन को उनकी शिकायतों के निस्तारण का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।