Advertisement

2027 का चुनावी बिगुल, कांग्रेस ने कसी कमर; भाजपा पर चौतरफा हमला, संगठन विस्तार का बड़ा अभियान शुरू

Spread the love
रजनी पाटिल का एकजुटता मंत्र, सुक्खू बोले- झूठे प्रचार का दें मुंहतोड़ जवाब; विनय कुमार का दावा- एक महीने में 8-10 हजार लोग जुड़ेंगे कांग्रेस से


शिमला। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों का स्पष्ट संकेत देते हुए प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को शिमला के राजीव भवन में आयोजित जनरल हाउस बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और भाजपा के खिलाफ आक्रामक अभियान का बिगुल फूंक दिया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने और विपक्ष के हर राजनीतिक हमले का जवाब देने की रणनीति तय की गई।


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को संगठन विस्तार अभियान तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉकों, जोन और पंचायत स्तर की कमेटियों का शीघ्र गठन किया जाए तथा जिला, ब्लॉक और जोन स्तर पर नियमित मासिक बैठकें अनिवार्य हों। इन बैठकों की रिपोर्ट पीसीसी के माध्यम से एआईसीसी तक भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस पदाधिकारी को जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी जवाबदेही के साथ निभाना होगा। साथ ही प्रत्येक जिले में कांग्रेस के अपने कार्यालय भवन बनाने पर भी जोर दिया।


राजनीतिक हमला तेज करते हुए रजनी पाटिल ने नीट पेपर लीक और अयोध्या दान पात्र एवं चंदा घोटाले के मुद्दों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों पर भाजपा पूरी तरह मौन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।


मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पार्टी नेताओं से कहा कि सोशल मीडिया और मीडिया में सरकार के खिलाफ होने वाले हर झूठे प्रचार और दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार को कांग्रेस पूरी मजबूती से जनता के सामने लाएगी। सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने और चुनावी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में ठोस काम किया है। उन्होंने संकेत दिया कि प्रदेशभर में जल्द कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें वे स्वयं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने संगठन विस्तार अभियान को और तेज करने की घोषणा करते हुए दावा किया कि अभियान के पहले ही दिन शिमला में भाजपा के 300 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगले एक महीने में 8 से 10 हजार लोग कांग्रेस का दामन थामेंगे। उन्होंने जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को हर माह नियमित बैठकें आयोजित कर उनकी रिपोर्ट पीसीसी को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक जिले के लिए एक मंत्री को प्रभारी बनाने की घोषणा की, ताकि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।


उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ कांग्रेस के पास कई मजबूत मुद्दे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हिमाचल के अधिकारों का पैसा रुकवाया, जबकि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों को ओपीएस देकर ऐतिहासिक फैसला लिया। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया।


बैठक को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, संगठन महामंत्री विनोद जिंटा, एआईसीसी सचिव एवं सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। जिला और ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।