Advertisement

बूथ से विधानसभा तक कांग्रेस का मिशन शुरू, जनरल हाउस में संगठन मजबूती पर मंथन; जल्द मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत

Spread the love
राजीव भवन में प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी में संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा,
16-17 जुलाई की धर्मशाला बैठक में कैबिनेट विस्तार सहित अहम मुद्दों पर होगी विचार-विमर्श




शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का बिगुल बजाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान तेज कर दिया है। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद शनिवार को शिमला के राजीव भवन में आयोजित जनरल हाउस में संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक के दौरान प्रदेश में जल्द मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत भी दिए गए।


कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां अभी से शुरू की जा रही हैं।


किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर निगम भंडारी की नियुक्ति को लेकर उठे विवाद पर रजनी पाटिल ने कहा कि वह राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी से स्वयं बातचीत करेंगी। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर गलतफहमियां दूर की जाएंगी, लेकिन संगठन द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम माना जाएगा।


रजनी पाटिल ने यह भी संकेत दिए कि प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द हो सकता है। उन्होंने बताया कि 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की मौजूदगी में महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें मंत्रिमंडल विस्तार समेत कई अहम राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।


राम मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस ने अपना रुख दोहराते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की। रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर जनता से वोट मांगे थे, इसलिए अब सामने आए आरोपों की भी पूरी पारदर्शिता के साथ जांच होनी चाहिए। उन्होंने पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण के मुद्दे पर भी सरकार से वैज्ञानिक अध्ययन कर आवश्यक कदम उठाने की बात कही।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि जनरल हाउस का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत आधार तैयार करना है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक अध्यक्षों से लेकर मुख्यमंत्री तक बैठक में शामिल हुए हैं और संगठन के सभी फ्रंटल संगठनों व विभिन्न विंग्स की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।


उन्होंने किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर चल रहे विवाद पर कहा कि जगत सिंह नेगी से उनकी बातचीत हो चुकी है। किन्नौर दौरे के कारण वह बैठक में शामिल नहीं हो सके। जल्द ही नेगी और निगम भंडारी को साथ बैठाकर मामला सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि संगठन सृजन के बाद आलाकमान द्वारा लिया गया निर्णय ही अंतिम रहेगा।