Advertisement

राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा

Spread the love
नीट और अन्य परीक्षा पत्र लीक मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर बोला हमला, युवाओं के साथ न्याय की उठाई मांग


शिमला। केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों और कथित तानाशाही के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में भाजपा मुख्यालय दीपकमल के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। बालूगंज से शुरू हुआ कांग्रेस का विरोध मार्च भाजपा मुख्यालय तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस का आरोप था कि नीट और अन्य भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं ने देश के लाखों युवाओं और छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार परीक्षा पत्र लीक होने से शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और ऐसे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पास पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है।


उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस सांसदों के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के अधिकारों का उल्लंघन है। कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।


विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक देश के युवाओं और छात्रों को न्याय नहीं मिलता तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं की जाती। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।