14 जुलाई को राजीव भवन से राम मंदिर तक निकलेगा जुलूस, कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
शिमला। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित चंदे में कथित अनियमितताओं के विरोध में जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी मंगलवार, 14 जुलाई को शिमला में विरोध प्रदर्शन करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से राम मंदिर तक पदयात्रा निकालेंगे तथा भजन-कीर्तन भी करेंगे।
कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन से शुरू होगा। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के प्रतिनिधियों, नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।












