Advertisement

शिमला ग्रामीण में कांग्रेस का बढ़ा कुनबा, विक्रमादित्य बोले- सड़कों और संगठन, दोनों को दे रहे मजबूती

Spread the love
70 से अधिक लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन; 290 करोड़ की छैला-सैंज-यशवंतनगर-राजगढ़ सड़क परियोजना समेत कई सड़क योजनाओं को मिली मंजूरी, मानसून के बीच सड़क बहाली युद्धस्तर पर


शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन विस्तार अभियान के तहत लगातार नए लोगों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के 70 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा देश की एकता, लोकतंत्र और विकास के प्रति समर्पित है तथा शिमला ग्रामीण में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है।


उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। नीट पेपर लीक ने लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलनों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और अन्याय के विरुद्ध सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिमला ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में शिमला ग्रामीण विकास का मॉडल बनकर उभरा है और इसी कारण लगातार लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।


290 करोड़ की सड़क परियोजना को मिली मंजूरी


कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के साथ लगातार संवाद के बाद छैला–सैंज–यशवंतनगर–राजगढ़ सड़क के उन्नयन के लिए लगभग 290 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि यह सड़क कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू और आसपास के बागवानी क्षेत्रों के लिए जीवनरेखा है, क्योंकि सेब और अन्य बागवानी उत्पादों का परिवहन मुख्य रूप से इसी मार्ग से होता है।


उन्होंने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मानसून के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। इस परियोजना से चार से पांच विधानसभा क्षेत्रों के लोगों और हजारों बागवानों को सीधा लाभ मिलेगा।


विक्रमादित्य सिंह ने इस स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक कुलदीप सिंह राठौर और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से यह मंजूरी संभव हो सकी।


बिरादरी सड़क के लिए 60 करोड़, 16 किमी सड़क को भी मंजूरी
उन्होंने बताया कि बिरादरी क्षेत्र की सड़क परियोजना के लिए करीब 60 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा पहले छूटे 16 किलोमीटर सड़क खंड के निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये की मंजूरी भी केंद्र सरकार से प्राप्त हुई है। इन परियोजनाओं पर भी जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।


सड़क बहाली में जुटी 560 मशीनें


लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि लगातार बारिश और भूस्खलन के बावजूद प्रदेश सरकार सड़क संपर्क बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। विभाग की 129 जेसीबी मशीनें, 270 हायर मशीनें तथा अन्य उपकरणों सहित करीब 560 मशीनें प्रदेशभर में सड़क बहाली में लगी हैं।


उन्होंने बताया कि सभी बंद सड़कों की निगरानी ऑनलाइन डैशबोर्ड के माध्यम से की जा रही है और अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर सड़कें खोलने का लक्ष्य दिया गया है। सरकार का प्रयास है कि किसी भी किसान या बागवान की उपज सड़क बंद होने के कारण प्रभावित न हो और मंडियों तक समय पर पहुंच सके।