शिमला। जुन्गा क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पुलिस प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा परिसर में ज्ञानवर्धक पुस्तकों और डिजिटल संसाधनों से सुसज्जित आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। इस पहल से जुन्गा क्षेत्र की 12 पंचायतों के हजारों युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
पुलिस प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा के समादेशक भूपेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि लाइब्रेरी के लिए बटालियन के पुराने भवन का नवीनीकरण कार्य अंतिम चरण में है और शीघ्र ही इसका शुभारंभ किया जाएगा। प्रथम चरण में यहां 12 कंप्यूटर लगाए जाएंगे, जिससे युवाओं को पुस्तकों के साथ डिजिटल अध्ययन की सुविधा भी मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि जुन्गा क्षेत्र में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है, लेकिन सार्वजनिक लाइब्रेरी और अध्ययन संसाधनों के अभाव में कई छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। वर्तमान में जुन्गा तहसील में कोई सार्वजनिक लाइब्रेरी उपलब्ध नहीं है, ऐसे में यह पहल विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
नेगी ने बताया कि लाइब्रेरी में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS), बैंकिंग, एसएससी, पुलिस, सेना तथा अन्य सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचार पत्र, मासिक पत्रिकाएं, रोजगार संबंधी मैगजीन, ई-बुक्स और विभिन्न शैक्षणिक पोर्टलों तक डिजिटल पहुंच भी निःशुल्क उपलब्ध होगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लाइब्रेरी शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाओं के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।












