अतिरिक्त निदेशक (कॉलेज) से पदोन्नत होकर बनीं उच्च शिक्षा निदेशक, नई शिक्षा नीति लागू करने और स्किल एजुकेशन को बढ़ावा देना होगी प्राथमिकता
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए अतिरिक्त निदेशक (कॉलेज) डॉ. सुनीता सिंह को नियमित आधार पर उच्च शिक्षा निदेशक नियुक्त किया है। विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने उनकी पदोन्नति के आदेश तत्काल प्रभाव से जारी कर दिए हैं।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ. सुनीता सिंह को पे मैट्रिक्स के लेवल-31 में निदेशक उच्च शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है। लंबे समय से विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकीं डॉ. सुनीता अब प्रदेश के उच्च शिक्षा ढांचे को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगी।
डॉ. सुनीता सिंह ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रदेश के कॉलेजों में नई शिक्षा नीति (NEP) को प्रभावी ढंग से लागू करना, स्किल एजुकेशन के तहत नए कोर्स शुरू करना और विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही उच्च शिक्षा में गुणात्मक सुधार और शैक्षणिक स्तर को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि करीब दो दशक बाद विभाग को महिला निदेशक मिली है। इससे पहले अनीता राव इस पद पर कार्य कर चुकी हैं। ऐसे में डॉ. सुनीता सिंह की नियुक्ति को महिला नेतृत्व और शिक्षा क्षेत्र में प्रशासनिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे कॉलेज स्तर पर सुधारों की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।













Leave a Reply