एमएसएमई उद्यमियों को योजना की दी जानकारी, पात्र लाभार्थियों को बांटे ऋण स्वीकृति पत्र
शिमला। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC), हिमाचल प्रदेश की ओर से वित्तीय सेवा विभाग (DFS), राष्ट्रीय क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी (NCGTC), सदस्य बैंकों तथा JanSamarth/PSB Alliance के सहयोग से शिमला में ECLGS 5.0 योजना को लेकर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ अधिक से अधिक पात्र एमएसएमई इकाइयों को इससे जोड़कर प्रदेश में उद्योग एवं रोजगार को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों, उद्योग विभाग, उद्योग संगठनों, एमएसएमई उद्यमियों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने उद्यमियों को ECLGS 5.0 की प्रमुख विशेषताओं, पात्रता की शर्तों, गारंटी कवर और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही JanSamarth Portal के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया से भी अवगत करवाया गया।
कार्यक्रम के दौरान ECLGS 5.0 के तहत कुल 28 मामलों में 14.18 करोड़ रुपये की राशि के अनुमोदन की जानकारी दी गई। सदस्य बैंकों की ओर से पात्र एमएसएमई उद्यमियों को ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने योजना को उद्योगों के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
SLBC हिमाचल प्रदेश ने पात्र एमएसएमई इकाइयों से JanSamarth Portal अथवा संबंधित बैंक शाखा के माध्यम से ECLGS 5.0 योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया। समिति के अनुसार योजना से एमएसएमई क्षेत्र को अतिरिक्त कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने के साथ रोजगार संरक्षण और प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने में मदद मिलेगी।












