Advertisement

पूर्व विधायक रामचंद भाटिया के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जताया शोक

Spread the love
कहा- प्रदेश ने एक कर्तव्यनिष्ठ और जनप्रिय नेता खोया, परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं


शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नगरोटा बगवां के पूर्व विधायक रामचंद भाटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे रामचंद भाटिया के निधन को प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


अपने शोक संदेश में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रामचंद भाटिया एक कद्दावर, कर्मठ और जनप्रिय नेता थे। वे तीन बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे और वर्ष 1982 में पहली बार नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने कहा कि भाटिया का व्यक्तित्व अत्यंत मिलनसार था और वे लोगों के बीच अपनी सरलता एवं जनसेवा के लिए विशेष रूप से लोकप्रिय थे।


कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि रामचंद भाटिया ने राजनीति, प्रशासन और समाजसेवा के बीच हमेशा संतुलन बनाए रखा तथा सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने उनके रूप में एक होनहार, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित जनप्रतिनिधि को खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।