Advertisement

हमीरपुर वन सर्कल बना ओवरऑल चैंपियन, रामपुर दूसरे स्थान पर

Spread the love

रामपुर में हुई वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता, एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रामपुर में आयोजित हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता के विजेताओं, प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी है। 11 से 13 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से वन विभाग के एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में हमीरपुर वन सर्कल को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जबकि रामपुर वन सर्कल ने दूसरा स्थान हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के समर्पण, कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ संकल्प और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुण भी विकसित होते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाला प्रत्येक प्रतिभागी अपने समर्पण और खेल भावना के लिए प्रशंसा का पात्र है। इस तरह के आयोजन विभागीय कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

सुक्खू ने कहा कि हिमाचल का वन विभाग प्रदेश की समृद्ध वन संपदा के संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वन एवं जैव विविधता संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन में विभागीय कर्मचारियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लिए आयोजित खेल गतिविधियां उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें एकता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों और युवाओं में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नियमित रूप से खेलों में भाग लेने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, तनाव कम होता है और कार्यक्षमता में भी सुधार आता है।