Advertisement

हिमाचल भवनों में कमरा अब 3 हजार रुपये में, ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था

Spread the love

दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला के विली पार्क सर्किट हाउस में कमरों का नया टैरिफ लागू

30 फीसदी कमरों की बुकिंग दोपहर 12 बजे और बाकी की शाम 5 बजे होगी


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने नई दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला स्थित सरकारी भवनों के कमरों का किराया निर्धारित कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार हिमाचल भवन/सदन नई दिल्ली, हिमाचल भवन चंडीगढ़ और विली पार्क सर्किट हाउस शिमला में चयनित कमरों का किराया सभी करों सहित 3,000 रुपये प्रति कमरा प्रतिदिन तय किया गया है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।


अधिसूचना के मुताबिक कमरों की बुकिंग के लिए आवेदक को himatithi.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन बुकिंग की विंडो ठहरने की प्रस्तावित तारीख से तीन दिन पहले खुलेगी। कमरे की बुकिंग कुल निर्धारित किराये की अग्रिम राशि जमा होने के बाद ही कन्फर्म होगी। भुगतान नेट बैंकिंग, क्यूआर कोड/यूपीआई, डेबिट कार्ड अथवा क्रेडिट कार्ड से किया जा सकेगा।


सरकार ने बुकिंग की पुष्टि को लेकर भी समय निर्धारित किया है। कुल उपलब्ध कमरों में से 30 फीसदी की बुकिंग प्रत्येक कार्यदिवस दोपहर 12 बजे और शेष 70 फीसदी कमरों की बुकिंग शाम 5 बजे कन्फर्म की जाएगी।


बुकिंग रद्द करने पर भी नियम तय किए गए हैं। चेक-इन समय यानी ठहरने वाले दिन दोपहर 12 बजे से 24 घंटे पहले बुकिंग रद्द करने पर अग्रिम किराये की 10 फीसदी राशि काटी जाएगी। वहीं 24 घंटे के भीतर बुकिंग रद्द करने पर जमा किराया जब्त हो जाएगा। हालांकि, यदि बुकिंग सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से रद्द की जाती है तो पूरी राशि आवेदक को वापस की जाएगी।


कहां-कहां लागू होगा: अधिसूचना में हिमाचल भवन नई दिल्ली के कमरा नंबर 405, 406, 407, 307, 308, 309 और 310; हिमाचल सदन नई दिल्ली के 303, 304, 101 और 102; हिमाचल भवन चंडीगढ़ के 202, 203, 204, 107, 108 और 109 तथा विली पार्क सर्किट हाउस शिमला के 512, 514, 522, 523, 411, 412 और 414 को शामिल किया गया है।