Advertisement

WEATHER UPDATE: हिमाचल में बारिश का दौर रहेगा जारी, आधी रात के बाद कई जिलों में तेज बौछारों के आसार

Spread the love
मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में देर रात से सुबह तक हल्की से मध्यम बारिश, कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना; प्रदेश में दिन के तापमान में भी भारी गिरावट


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। खासकर मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में आधी रात से सुबह के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो दौर तेज बारिश के भी पड़ सकते हैं।


मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटों के दौरान सोलन, किन्नौर, कांगड़ा और ऊना जिलों में भी हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के शेष जिलों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में भी रात तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के एक-दो दौर की संभावना जताई गई है।


बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि बीते 24 घंटों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान भुंतर में 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


बारिश की बात करें तो बुधवार शाम तक सुंदरनगर में 10.1 मिमी, बिलासपुर में 8.6 मिमी, शिमला में 5 मिमी, मंडी में 4.4 मिमी और मनाली व चंबा में 2-2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।


मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने, निचले इलाकों में जलभराव, फिसलन भरी सड़कों पर वाहन फिसलने तथा दृश्यता कम होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।