मुख्यमंत्री सुक्खू ने अर्की में राज्य स्तरीय सायर मेले के समापन पर की कई घोषणाएं, तीन स्कूलों को सीबीएसई में बदलने का ऐलान
अर्की/सोलन। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को अर्की में राज्य स्तरीय सायर मेले के समापन समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े कई बड़े ऐलान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर के सीबीएसई स्कूलों में अगले तीन माह के भीतर 2,000 और शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इन नियुक्तियों में योग्यता को आधार बनाया जाएगा और किसी तरह की सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 150 सीबीएसई स्कूल शुरू करने के निर्णय के बाद प्रत्येक स्कूल में पहले ही पांच से आठ शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। शेष पदों को भी जल्द भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों में सीबीएसई शिक्षा महंगी है, इसलिए सरकार सरकारी स्कूलों में कम खर्च पर इसी स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रही है। राज्य शिक्षा विभाग ने हाल में सीबीएसई स्कूलों के लिए शिक्षकों के पदों के सृजन और युक्तिकरण से संबंधित आदेश भी जारी किए हैं।
200 डॉक्टरों की भर्ती, 228 और पद भरने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुधार कर रही है। मेडिकल कॉलेजों में 15 से 19 वर्ष पुराने उपकरणों को आधुनिक मशीनरी से बदला गया है और जांच सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। सरकार ने 200 चिकित्सकों की भर्ती की है, जबकि जल्द ही 228 और डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। अर्की में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाने की बात कही गई।
किशाऊ समझौते पर सरकार का पक्ष
किशाऊ बहुउद्देश्यीय परियोजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल के हितों को ध्यान में रखते हुए समझौता किया है। उन्होंने दावा किया कि यदि पूर्व निर्धारित शर्तें स्वीकार की जातीं तो हिमाचल पर 3,000 से 5,000 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता था और राज्य संभावित 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये की वार्षिक आय से वंचित हो सकता था।
भ्रष्टाचार पर अंकुश से 3,000 करोड़ बचाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने से करीब 3,000 करोड़ रुपये की बचत हुई है। उनके अनुसार इन संसाधनों का इस्तेमाल विधवाओं, बच्चों और अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों की जांच की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर ऐसी संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के कल्याण में इस्तेमाल किया जाएगा।
तीन स्कूल सीबीएसई में होंगे तब्दील
मुख्यमंत्री ने दिग्गल, भूमती और जय नगर के स्कूलों को सीबीएसई स्कूलों में परिवर्तित करने की घोषणा की। इसके अलावा अर्की क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की मरम्मत के लिए धन उपलब्ध करवाने और शिमला-धैना बस सेवा बहाल करने का भी ऐलान किया। अर्की में कौशल विकास केंद्र खोलने के प्रस्ताव पर भी उन्होंने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। विधायक संजय अवस्थी ने सायर मेले की करीब 388 वर्ष पुरानी परंपरा का उल्लेख करते हुए क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।












