किशाऊ और रेणुका बांध समेत सभी अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं पर लागू होगी नई नीति, प्रदेश की जरूरतें पूरी होने के बाद ही दूसरे राज्यों को मिलेगा पानी
शिमला। हिमाचल प्रदेश अब अपने जल संसाधनों का आर्थिक मूल्य भी वसूलेगा। प्रदेश के अतिरिक्त पानी का इस्तेमाल करने वाले पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और उद्योगों को अब निर्धारित दरों के आधार पर कीमत चुकानी होगी। प्रदेश सरकार ने इसके लिए एक समान जल मूल्य निर्धारण नीति को मंजूरी दे दी है। शुरुआती तौर पर 100 रुपये प्रति 1000 घन फुट पानी की दर तय की गई है। खास बात यह है कि भविष्य में महंगाई और बाजार की स्थिति के अनुरूप थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) के आधार पर इन दरों में संशोधन भी किया जाएगा।
सरकार का यह फैसला हिमाचल के जल अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों के आर्थिक दोहन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब तक जल परियोजनाओं से मिलने वाले अतिरिक्त पानी के मूल्यांकन और दरों के निर्धारण के लिए एक समान व्यवस्था नहीं थी। नई नीति के बाद प्रदेश की मौजूदा और भविष्य की जल परियोजनाओं से दूसरे राज्यों को होने वाली पानी की आपूर्ति के लिए एक मानकीकृत व्यवस्था लागू होगी।
पहले हिमाचल की जरूरतें, फिर दूसरे राज्यों को पानी
नई नीति में प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त पानी की आपूर्ति से पहले हिमाचल की अपनी जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यावरण और विकास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद ही उपलब्ध अधिशेष पानी दूसरे राज्यों अथवा पात्र एजेंसियों को दिया जाएगा। यानी हिमाचल के हिस्से के पानी और भविष्य की जरूरतों से समझौता किए बिना ही अतिरिक्त जल की आपूर्ति की जाएगी। यह नीति प्रदेश के भीतर घरेलू उपयोग के पानी पर लागू नहीं होगी।
किशाऊ परियोजना के पानी का भी होगा आर्थिक मूल्यांकन
किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के संदर्भ में यह नीति विशेष महत्व रखती है। परियोजना के बांध के कुल लाइव स्टोरेज का 3.154 प्रतिशत हिस्सा हिमाचल को आवंटित है, जो लगभग 42 मिलियन घन मीटर है। इसके अलावा ऊपरी यमुना बेसिन के राज्यों के बीच हुए समझौते के तहत भी हिमाचल को यमुना के जल में हिस्सा मिला है। इस समझौते में लखवाड़, किशाऊ और रेणुका जी बांध परियोजनाओं के विकास की परिकल्पना की गई है।
नई नीति किशाऊ के साथ प्रस्तावित रेणुका जी बांध और प्रदेश की अन्य अंतरराज्यीय बहुउद्देशीय एवं जल भंडारण परियोजनाओं पर भी लागू होगी। इससे हिमाचल को अपने जल संसाधनों का आर्थिक मूल्य निर्धारित करने और उनके उपयोग से राजस्व अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्तियों में से एक है। दूसरे राज्यों और एजेंसियों को अधिशेष जल उपलब्ध करवाते समय उसके वास्तविक आर्थिक मूल्य को महत्व देना आवश्यक है। सरकार ने जल की दरों के निर्धारण और उनमें समय-समय पर संशोधन के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यावरणीय और विकासात्मक आवश्यकताएं सर्वोपरि रहेंगी। इनके संरक्षण के बाद ही दूसरे राज्यों को अतिरिक्त पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रदेश सरकार अपने प्राकृतिक संसाधनों के अधिकारों की रक्षा करते हुए उनके आर्थिक प्रतिफल को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।











