800 कांस्टेबल पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा, फिजिकल और व्यक्तित्व विकास का निःशुल्क प्रशिक्षण
सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियों को तैयारी शुरू करने के निर्देश
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश पुलिस में 800 कांस्टेबल पदों पर होने वाली भर्ती के अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग, शारीरिक प्रशिक्षण और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
इस पहल का उद्देश्य आर्थिक या भौगोलिक कारणों से पिछड़ रहे युवाओं को भी प्रतियोगी भर्ती में समान अवसर देना है।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 9 जुलाई 2026 को 800 कांस्टेबल पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियों में इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए संगठित और पूरी तरह निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी, लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की तैयारी, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, प्रेरणात्मक सत्र और चयन प्रक्रिया से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर अनुभवी पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल का युवा प्रतिभाशाली, अनुशासित और मेहनती है। सरकार का लक्ष्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी देना है। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य अभ्यर्थी की प्रगति आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण, दूर-दराज और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी, जहां गुणवत्तापूर्ण कोचिंग सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। इससे अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं का चयन हिमाचल प्रदेश पुलिस में हो सकेगा और पुलिस विभाग को अनुशासित, शारीरिक रूप से सक्षम तथा जनसेवा के प्रति समर्पित जवान मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा हिमाचल का भविष्य और सबसे बड़ी ताकत है। सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस विभाग जल्द ही प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, प्रशिक्षण केंद्रों, समय-सारिणी और पंजीकरण प्रक्रिया की घोषणा करेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपने निकटतम सशस्त्र पुलिस वाहिनी, जिला पुलिस कार्यालय या हिमाचल प्रदेश पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर रखने का आग्रह किया गया है।












