Advertisement

हिमाचल में दो IAS अधिकारियों के तबादले, 30 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति तय

Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो IAS अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ. अमित कुमार शर्मा, IAS (HP:2016) को किन्नौर के उपायुक्त पद से स्थानांतरित कर कुल्लू का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वह कुल्लू में तैनात अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (विकास)-cum-परियोजना निदेशक, DRDA सुरजीत सिंह, HPAS को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करेंगे।


वहीं सोनाक्षी सिंह तोमर, IAS (HP:2016), जो वर्तमान में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (BBNDA) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं, को उपायुक्त किन्नौर के पद पर तैनात किया गया है। दोनों अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू होगी।


अगले वर्ष कई वरिष्ठ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति


इसी दिन जारी एक अन्य अधिसूचना में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HPAS) और हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा के अधिकारियों की सेवानिवृत्ति की तिथियां भी जारी की गई हैं। सूची में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) शिमला ज्ञान सागर नेगी, तकनीकी शिक्षा के अतिरिक्त सचिव डॉ. विकास सूद, IGMC के अतिरिक्त निदेशक नीरज गुप्ता, अतिरिक्त परिवहन आयुक्त सूरी दास नेगी, राज्य सूचना आयोग की सचिव चेतना खडवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।


अधिसूचना के अनुसार ज्ञान सागर नेगी 31 मार्च 2027, डॉ. विकास सूद 30 नवंबर 2027 और नीरज गुप्ता 28 फरवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। चेतना खडवाल की सेवानिवृत्ति 30 सितंबर 2027 को होगी।


सचिवालय सेवा के अधिकारी भी सूची में


सेवानिवृत्ति सूची में HPSS के तहत पुनीत सेठ, वंदना, राजेश गौतम, अंजना शर्मा, नारायण सिंह, रमेश चंद, हेम सिंह और ओम प्रकाश के नाम शामिल हैं। वहीं व्यक्तिगत स्टाफ कैडर में उमेश जसवाल, राजेश भारद्वाज, सरोज सिंह, अलाउद्दीन मोहम्मद और नरेंद्र सिंह की सेवानिवृत्ति की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक संबंधित अधिकारी निर्धारित तिथियों को अधिवर्षता आयु पूरी करने पर सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होंगे।