Advertisement

हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 HAS अधिकारियों के तबादले, तीन हालिया आदेश भी रद्द

Spread the love
शिक्षा बोर्ड, मेडिकल कॉलेज, एचआरटीसी, नगर निगम, सचिवालय और जिलों में नई जिम्मेदारियां

IAS अभिषेक कुमार गर्ग का तबादला रद्द होने के अगले दिन जारी हुए नए आदेश


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही 6 और 10 जुलाई को जारी तीन तबादला आदेशों को भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। इससे पहले 18 जुलाई को IAS अधिकारी अभिषेक कुमार गर्ग का प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (HPSIDC) के पद पर किया गया तबादला भी रद्द कर दिया गया था।

इस फेरबदल में डॉ. (मेजर रिटायर्ड) विशाल शर्मा को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव पद से डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा का अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है, जबकि अंकुश शर्मा को मेडिकल कॉलेज टांडा से स्कूल शिक्षा बोर्ड का नया सचिव नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार डॉ. मदन कुमार को मंडी नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है तथा डॉ. पूनम को अतिरिक्त निदेशक, डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन से सोलन में सहायक आयुक्त से अतिरिक्त उपायुक्त के पद पर भेजा गया है।



सरकार ने विश्वा मोहन देव चौहान को कुपवी के एसडीएम पद से कार्यकारी निदेशक, एचआरटीसी शिमला नियुक्त किया है। वहीं चिराग शर्मा को हमीरपुर से चंबा का एसडीएम, सुरेंद्र कुमार कटोच को धर्मशाला नगर निगम से सलूणी का एसडीएम तथा चंद्रवीर सिंह को सलूणी से संयुक्त आयुक्त, नगर निगम धर्मशाला बनाया गया है।


इसके अलावा भूपेंद्र कुमार को हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (HPSIDC) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। रमन घरसांघी को संयुक्त सचिव (एमपीपी एवं पावर), राम प्रसाद को संयुक्त सचिव, राज्य चयन आयोग तथा अपराजिता चंदेल को मंडी नगर निगम का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।


सरकार ने साथ ही 6 और 10 जुलाई को जारी तीन तबादला आदेश भी निरस्त कर दिए हैं। इनमें सिद्धार्थ आचार्य का एचआरटीसी के कार्यकारी निदेशक, कपिल तोमर का युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में संयुक्त निदेशक तथा पद्मा छोडोन का उदयपुर (लाहौल-स्पीति) एसडीएम के रूप में किया गया स्थानांतरण शामिल है।