मुख्यमंत्री सुक्खू ने विदेशी भाषा पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के दिए निर्देश, विदेश में कार्यरत युवाओं की सुरक्षा के लिए बनेगा डिजिटल प्लेटफॉर्म
शिमला। हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने नई पहल की है। युवाओं की राह में भाषा की बाधा दूर करने के लिए सरकार विदेशी भाषाओं के पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रही है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से विदेशी भाषा पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से कुशल युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव सहयोग कर रही है। विदेश में नौकरी के लिए जरूरी भाषा कौशल विकसित करने के उद्देश्य से नए विदेशी भाषा पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विदेशों में रोजगार प्राप्त कर चुके हिमाचली युवाओं की सुरक्षा और कल्याण के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित कर रही है। इसके माध्यम से विदेश में कार्यरत हिमाचली युवाओं का रिकॉर्ड रखने के साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें सहायता उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार विदेशों में रोजगार के अन्य अवसरों की भी तलाश कर रही है, ताकि प्रदेश के युवाओं को बेहतर वेतन पैकेज मिल सके। इसके साथ यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि विदेश में रोजगार के दौरान किसी भी हिमाचली युवा का शोषण न हो। सरकार एचपीएसईडीसी के लिए भर्ती एजेंसी का लाइसेंस प्राप्त करने में भी सफल रही है।
सीएम डैशबोर्ड पर दिखेगी योजनाओं की प्रगति
मुख्यमंत्री ने श्रम एवं रोजगार विभाग को अपनी सभी प्रमुख योजनाओं का विवरण मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड करने के निर्देश दिए। इससे योजनाओं की प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी। उन्होंने जनजातीय विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) से संबंधित सभी मामलों की स्थिति भी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड करने को कहा।
बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, सचिव प्रियंका बसु इंग्टी, राकेश कंवर और आशीष सिंहमार, आयुक्त श्रम एवं रोजगार वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।












