ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष बोले- वीरभद्र सिंह और उनके परिवार पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं, राजीव बिंदल के पुराने मामलों की भी दिलाई याद
शिमला। जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने भाजपा और पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी भगवान राम के नाम पर लोगों की आस्था और दान से जुड़े मामलों में सवालों के घेरे में रही हो, उसे कांग्रेस पर उंगली उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
हिमराल ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज को अपनी मर्यादा में रहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के परिवार पर कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है कि कौन हिमाचल का है और कौन बाहरी।
वीरभद्र सिंह के राजघराने पर की गई किसी भी प्रकार की टिप्पणी कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि संदीपनी भारद्वाज को अपने राजनीतिक कद के अनुरूप बयान देने चाहिए। उनका इतना बड़ा राजनीतिक कद नहीं है कि वे वीरभद्र सिंह जैसे वरिष्ठ नेता या उनके परिवार पर टिप्पणी करें।
ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस की चिंता छोड़ अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह जो भी बयान देते हैं, तथ्यों के आधार पर देते हैं और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल को लेकर की गई उनकी टिप्पणी पूरी तरह उचित है।
हिमराल ने कहा कि भाजपा नेताओं को यह भी याद रखना चाहिए कि आपदा के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते राजीव बिंदल को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। ऐसे में भाजपा को कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले अपने पुराने रिकॉर्ड पर भी नजर डालनी चाहिए।












