शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 30 जुलाई तक कई जिलों में भारी वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके चलते भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान फ्लैश फ्लड और भारी बारिश को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। लोगों को नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
नाहन में स्कूलों की छुट्टी
भारी बारिश के रेड एवं ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल में 29 जुलाई को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। एसडीएम नाहन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किए हैं।
चंबा में सबसे ज्यादा असर
लगातार बारिश से चंबा जिले में 108 मुख्य सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन सड़कें बहाल करने में जुटा है, जबकि लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 3 अगस्त तक प्रदेश में बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 30 जुलाई को चंबा, सिरमौर, बिलासपुर और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, सोलन और शिमला में येलो अलर्ट रहेगा। 31 जुलाई से 3 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा।1 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला में फिर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मानसून की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 28 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य 330.9 मिमी के मुकाबले 310.3 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य से 6 प्रतिशत कम है। हालांकि कुछ जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जबकि कई जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने, नदी-नालों के किनारे न जाने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।












