19 से 23 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मॉनसून, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा; लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 से 23 जुलाई तक प्रदेश में सक्रिय मॉनसून और 20 से 22 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग (आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ) ने सभी उपायुक्तों, विभागाध्यक्षों और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।
IMD के अनुसार 20 और 21 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट लागू रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई से मौसम बिगड़ना शुरू होगा, जबकि 19 जुलाई से मॉनसून और सक्रिय हो जाएगा। 24 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अगले 15 घंटों के दौरान चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश तथा एक-दो दौर की तेज बारिश होने का भी पूर्वानुमान है।
प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को 24×7 सक्रिय रखने, SDRF, NDRF, पुलिस, होमगार्ड और क्विक रिस्पॉन्स टीमों को पूरी तरह तैयार रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने तथा आवश्यक होने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
लोगों के लिए एडवाइजरी
भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
नदी, नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित ढलानों से दूर रहें।
जलमग्न सड़कों और उफनते पुलों को पार करने का प्रयास न करें।
मौसम विभाग और जिला प्रशासन की आधिकारिक सलाह का पालन करें।
आपात स्थिति में राज्य हेल्पलाइन 1070 और जिला आपदा हेल्पलाइन 1077 पर संपर्क करें।












