कांगड़ा, ऊना और सिरमौर में अति भारी वर्षा की आशंका, चंबा, मंडी और शिमला में भी भारी बारिश के आसार; लोगों से सतर्क रहने की अपील
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार 6 जुलाई के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि चंबा, मंडी और शिमला जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन और कम दृश्यता, यातायात प्रभावित होने तथा दैनिक जनजीवन पर अस्थायी असर पड़ सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और छोटे नालों के उफान पर आने की भी आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलाशयों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।
भूस्खलन संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें।
नदी, नालों और जलाशयों के पास न जाएं।
बारिश के दौरान वाहन सावधानी से चलाएं।
राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।












