Advertisement

हिमाचल में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, शिमला समेत 4 जिलों में ऑरेंज और 5 जिलों में येलो अलर्ट

Spread the love


मौसम विभाग ने जलभराव, फिसलन और यातायात बाधित होने की जताई आशंका, लोगों से सतर्क रहने की अपील


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी), शिमला ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और कुल्लू जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।


मौसम विभाग के अनुसार, शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा हल्की बारिश के एक-दो दौर पड़ सकते हैं। ऊना और बिलासपुर में कहीं-कहीं गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर तथा चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी जैसी स्थिति बन सकती है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की वर्षा के आसार हैं।


मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, फिसलन के चलते वाहनों के स्किड होने, दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित होने और आवश्यक सेवाओं के अस्थायी रूप से बाधित होने की आशंका है।


विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, संवेदनशील क्षेत्रों और नदी-नालों से दूर रहने, यातायात संबंधी एडवाइजरी का पालन करने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।