Advertisement

हिमाचल में अगले 12 घंटे भारी, कई जिलों में गरज-चमक और 40 किमी रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं

Spread the love
मौसम विभाग ने शिमला समेत 6 जिलों के लिए ‘वॉच’ जारी की, फसलों और कमजोर ढांचों को नुकसान की आशंका


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 12 घंटों के दौरान बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने इन जिलों के लिए ‘वॉच’ जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।


मौसम विभाग के अनुसार सोमवार शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं किन्नौर, लाहौल-स्पीति तथा चंबा और कांगड़ा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।


इन जिलों में सबसे ज्यादा असर


अगले 12 घंटों में शिमला, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और हमीरपुर में कई स्थानों पर बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। शेष जिलों में भी छिटपुट बारिश का अनुमान है।


फसलों और कमजोर ढांचों को नुकसान का खतरा


मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं से खड़ी फसलों तथा कच्चे और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने, खुले स्थानों और जल स्रोतों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।


दिन के तापमान में आई गिरावट


बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार शाम 5:30 बजे तक शिमला में 13 मिमी, सुंदरनगर में 31.2 मिमी, नाहन में 14.8 मिमी, सोलन में 9 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 9 मिमी, मंडी में 5.6 मिमी, धर्मशाला में 4.2 मिमी और कांगड़ा व भुंतर में 6.2-6.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।


मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की ताज़ा जानकारी पर नजर रखने और राज्य सरकार व प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।