बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, समयबद्ध परीक्षा संचालन और जल्द परिणाम पर जोर
शशि भूषण
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सोमवार को बोर्ड मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर आगामी बोर्ड परीक्षाओं, शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET), डीएलएड प्रवेश परीक्षा और नियमित डीएलएड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बोर्ड के सचिव, अतिरिक्त सचिव और सभी उप सचिव उपस्थित रहे। डॉ. शर्मा ने शाखावार कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि बोर्ड की प्रत्येक गतिविधि और परीक्षा का संचालन समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में कार्य पूरा करना होगा।
बैठक में बोर्ड परीक्षाओं के अलावा टीईटी, डीएलएड प्रवेश परीक्षा और नियमित डीएलएड परीक्षाओं की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। परीक्षा प्रबंधन, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा समय पर परिणाम घोषित करने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। बोर्ड का उद्देश्य परीक्षा से लेकर परिणाम तक की पूरी प्रक्रिया को विद्यार्थी हित में अधिक प्रभावी और परेशानी मुक्त बनाना है।
बोर्ड अध्यक्ष ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यार्थी हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपने दायित्व निभाएंगे तो शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता दोनों मजबूत होंगी।












