भारतीय सड़कों पर 4,000 इलेक्ट्रिक बसें तैनात करने वाली देश की पहली कंपनी बनी ओलेक्ट्रा, 4,000वीं बस हिमाचल को समर्पित
शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के बेड़े में 297 नई ओलेक्ट्रा इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने के साथ ही देश में इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन को बड़ी मजबूती मिली है। इसी अवसर पर ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड ने भारतीय सड़कों पर 4,000 इलेक्ट्रिक बसें तैनात करने वाली देश की पहली कंपनी बनने का भी रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया।
शिमला में आयोजित फ्लैग-ऑफ समारोह के दौरान कंपनी की 4,000वीं इलेक्ट्रिक बस का प्रतीकात्मक हस्तांतरण मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को किया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकार, HRTC और ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कंपनी के अनुसार, ओलेक्ट्रा की इलेक्ट्रिक बसें देश के कई राज्यों और शहरों में संचालित हो रही हैं तथा लाखों यात्रियों को पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। कंपनी का दावा है कि उसकी बसें कम परिचालन लागत, बेहतर प्रदर्शन और प्रदूषण में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
ओलेक्ट्रा ने बताया कि उसकी 4,000 इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा अब तक 60 करोड़ से अधिक ग्रीन किलोमीटर की दूरी तय कर चुका है, जिससे 6 लाख टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन को रोकने में मदद मिली है। इसे भारत के हरित और टिकाऊ परिवहन अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेश बाबू ने कहा कि भारतीय सड़कों पर 4,000 इलेक्ट्रिक बसें तैनात करने वाली पहली कंपनी बनना केवल ओलेक्ट्रा की नहीं, बल्कि देश के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र की भी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि कंपनी को गर्व है कि उसकी 4,000वीं इलेक्ट्रिक बस हिमाचल प्रदेश सरकार को सौंपी गई है और इसी अवसर पर HRTC के लिए 297 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी शुरू किया गया।
महेश बाबू ने विश्वास जताया कि मजबूत ऑर्डर बुक, अत्याधुनिक तकनीक और राज्य परिवहन उपक्रमों के साथ साझेदारी के दम पर ओलेक्ट्रा देश में स्वच्छ, टिकाऊ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को नई गति देती रहेगी।












