19 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित, लोगों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा न करने की अपील
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 124 सड़कें बंद हो चुकी हैं। इसके अलावा 442 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) और 19 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने बताया कि 9 जुलाई की शाम तक प्रदेश में 75 सड़कें, 67 डीटीआर और 14 पेयजल योजनाएं प्रभावित थीं, लेकिन लगातार बारिश के कारण शुक्रवार सुबह तक इनकी संख्या में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
नरेश चौहान ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। ऐसे में लोग अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है तथा जिला प्रशासन और संबंधित विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।












