डीएसपी बीरी सिंह के नेतृत्व में छापेमारी, खनन माफिया को सख्त चेतावनी
ज्वाली (कांगड़ा)। अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रे पत्तन और जखाड़ा क्षेत्र में एक पोकलेन मशीन, दो जेसीबी और छह मल्टी एक्सल ट्रकों को इंपाउंड किया है। यह कार्रवाई डीएसपी बीरी सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम ने दोनों क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध खनन में संलिप्त मशीनरी और भारी वाहनों को कब्जे में लिया। इसके बाद सभी वाहनों को इंपाउंड कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
डीएसपी बीरी सिंह ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन माफिया के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध खनन की गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।












