Advertisement

रेड अलर्ट के चलते कांगड़ा में 20-21 जुलाई को सभी शिक्षण संस्थान बंद

Spread the love
स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान, आंगनबाड़ी और शिशु पालन केंद्रों में अवकाश; सभी परीक्षाएं भी स्थगित, स्टाफ को भी छुट्टी

शशि भूषण


धर्मशाला। भारतीय मौसम विभाग द्वारा 20 और 21 जुलाई के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र कांगड़ा जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को दो दिनों के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।


जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त हेमराज बैरवा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 20 और 21 जुलाई को जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, महाविद्यालय, व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान, केंद्रीय विश्वविद्यालय, संस्कृत विश्वविद्यालय (बल्याहर), एनआईएफटी, आंगनबाड़ी केंद्र तथा शिशु पालन केंद्र बंद रहेंगे। इस अवधि में निर्धारित सभी परीक्षाएं भी स्थगित रहेंगी।


आदेशों के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ को भी अवकाश रहेगा। हालांकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित संस्थान प्रमुख प्रशासनिक कार्यों के लिए कर्मचारियों की सेवाएं ले सकेंगे।


उपायुक्त ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


उधर, जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल-फ्री नंबर 1077 पर तत्काल संपर्क करने को कहा गया है।