Advertisement

अगस्त से कसुम्पटी और पंथाघाटी वार्ड में बिछेगी नई पेयजल पाइपलाइन, 24×7 जलापूर्ति की दिशा में बड़ा कदम

Spread the love

SJPNL और SUEZ के पैकेज-5 के तहत होगा कार्य शुरू, आधुनिक जल वितरण प्रणाली के साथ नए कनेक्शन और हाइड्रो टेस्टिंग भी होगी


शिमला। विश्व बैंक के सहयोग से शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (SJPNL) की 24×7 निरंतर एवं प्रेसरयुक्त पेयजल वितरण परियोजना के तहत पैकेज-5 में अगस्त 2026 से कसुम्पटी और पंथाघाटी वार्डों में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और चौबीसों घंटे पेयजल उपलब्ध कराना है।


परियोजना शुरू होने से पहले एसजेपीएनएल और एसयूएज (SUEZ) की टीमें क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों के साथ जन-जागरूकता और जन-परामर्श कार्यक्रम आयोजित करेंगी। इस दौरान परियोजना की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी, लोगों के सुझाव लिए जाएंगे और कार्य के सुचारू एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सहयोग मांगा जाएगा।


परियोजना के तहत पुरानी पेयजल पाइपलाइन हटाकर आधुनिक प्रेसरयुक्त जल वितरण प्रणाली स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही नई पाइपलाइन बिछाने, हाइड्रो टेस्टिंग, नए घरेलू जल कनेक्शन तथा आवश्यकता अनुसार नई जल भंडारण टंकियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे जल भंडारण क्षमता और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।


निर्माण कार्य के दौरान सड़कों, पैदल मार्गों और सीढ़ियों पर आंशिक एवं अस्थायी खुदाई की जाएगी। हालांकि, आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए यातायात और पैदल आवाजाही यथासंभव सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जाएंगे। कार्य पूरा होने के बाद प्रभावित सड़कों, सीढ़ियों, टाइलों और कंक्रीट सतहों को पहले जैसी या उससे बेहतर स्थिति में बहाल किया जाएगा।


एसजेपीएनएल ने स्थानीय निवासियों से परियोजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह योजना पंथाघाटी, कसुम्पटी और पूरे शिमला शहर में बेहतर एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।