Advertisement

टेलीफोन पोल के लिए खोदे गड्ढे में गिरा तेंदुए का शावक, दो दिन बाद सुरक्षित रेस्क्यू

Spread the love
सिरमौर में दो युवाओं ने सुनी शावक की आवाज, वन विभाग ने दो घंटे ऑपरेशन चलाकर जेसीबी की मदद से निकाला बाहर


नाहन। सिरमौर जिले में एक निजी टेलीफोन कंपनी की ओर से सड़क किनारे पोल लगाने के लिए खोदा गया गहरा गड्ढा करीब एक माह के तेंदुए के शावक के लिए मुसीबत बन गया।

नाहन-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर सेन की सेर-जांगीरुख क्षेत्र में शावक गड्ढे में गिर गया और करीब दो दिन तक उसमें फंसा रहा। दो युवाओं की सतर्कता से इसकी जानकारी वन विभाग तक पहुंची, जिसके बाद करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


जानकारी के अनुसार क्षेत्र में एक निजी टेलीफोन कंपनी की ओर से पोल लगाने के लिए सड़क किनारे गहरे गड्ढे खोदे गए हैं। इन्हीं में से एक गड्ढे में तेंदुए का दूधमुंहा शावक गिर गया। गड्ढा गहरा होने के कारण वह अपने आप बाहर नहीं निकल सका।


कच्चा टैंक निवासी फहीम और जीशान इस क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी उन्हें गड्ढे की ओर से किसी जानवर के कराहने की आवाज सुनाई दी। दोनों ने मौके पर जाकर देखा तो अंदर तेंदुए का छोटा शावक फंसा हुआ था। युवाओं ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी।


सूचना मिलते ही जमटा फॉरेस्ट रेंज की टीम मौके पर पहुंची और शावक को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गड्ढा गहरा होने के कारण सीधे शावक को बाहर निकालना मुश्किल था। इसके बाद जेसीबी की मदद ली गई और मूल गड्ढे के साथ एक समानांतर गड्ढा खोदकर शावक तक पहुंचने का रास्ता बनाया गया।


करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम शावक को सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रही। लंबे समय तक गड्ढे में फंसे रहने के कारण शावक की स्थिति पर वन विभाग नजर रख रहा है। फिलहाल उसे उपचार और देखभाल के लिए विभाग की निगरानी में रखा गया है।


जमटा फॉरेस्ट रेंज के रेंज ऑफिसर प्रेम कंवर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक सावधानी बरतते हुए शावक को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
घटना ने सड़क किनारे विभिन्न कार्यों के लिए खोदे जाने वाले गहरे गड्ढों को खुला छोड़ने पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

ऐसे गड्ढे वन्यजीवों के साथ राहगीरों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। स्थानीय स्तर पर इन्हें सुरक्षित तरीके से ढकने अथवा इनके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की जरूरत बताई जा रही है।