मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का नाउकास्ट जारी, बिलासपुर और मंडी में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
शिमला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक के लिए तत्काल (नाउकास्ट) मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।
शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे तथा हल्की बारिश के एक-दो दौर पड़ सकते हैं।
पूर्वानुमान के अनुसार लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के साथ चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा अथवा बर्फबारी की संभावना है।
वहीं बिलासपुर और मंडी जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों तथा चंबा और कांगड़ा के शेष भागों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों तथा कुल्लू और शिमला के शेष क्षेत्रों में भी एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
हालांकि मौसम विभाग ने किसी प्रकार की औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन प्रदेश के लिए ‘वॉच’ (निगरानी रखें) श्रेणी में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखने, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों से दूरी बनाए रखने तथा वाहन चालकों को फिसलन भरी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर बनाए रखें।












