प्रदेश में 12 जिलों की 68 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने का लक्ष्य, गठबंधन पर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा.
बेरोजगारी, नशा और किसानों की समस्याएं होंगी प्रमुख मुद्दे
शिमला। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने और चुनाव लड़ने की तैयारी करेगी। भाजपा के साथ गठबंधन होने पर सीटों का फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा, लेकिन पार्टी प्रदेश में अपना स्वतंत्र संगठन भी खड़ा करेगी। यह बात शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नितीन चौहान ने शिमला में प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के सभी 12 जिलों में संगठन को मजबूत करना है। केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशानुसार प्रदेश में संगठन विस्तार किया जा रहा है। फिलहाल पार्टी करीब 1200 सदस्य बना चुकी है और अगले डेढ़ महीने में सदस्यता बढ़ाकर सात से आठ हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
बेरोजगारी और नशे की समस्या पर जताई चिंता
नितीन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी और नशे की समस्या गंभीर है। युवा रोजगार के लिए परेशान हैं, जबकि किसान, मजदूर और महिलाओं को भी कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और प्रदेश के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं लाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश सरकार के समक्ष भी जनसमस्याओं को उठाएगी। बिजली, सड़क और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान की जरूरत है। पार्टी का प्रयास रहेगा कि आम लोगों की समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर उनका समाधान करवाया जाए।
गठबंधन पर केंद्रीय नेतृत्व करेगा फैसला
भाजपा के साथ हिमाचल में गठबंधन और सीटों के बंटवारे से जुड़े सवाल पर चौहान ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और केंद्रीय नेतृत्व को लेना है। गठबंधन होने पर पार्टी पांच, दस या अन्य निर्धारित सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, लेकिन संगठन को सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी और इसके लिए प्रदेशभर में तैयारी की जाएगी। पार्टी युवाओं, किसानों और मजदूरों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी।
नाहन में मेडिकल कॉलेज का मुद्दा भी उठाया
प्रदेश अध्यक्ष ने नाहन में मेडिकल कॉलेज से जुड़ी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि वहां काम प्रभावित होने और डॉक्टरों की कमी से लोगों को परेशानी हो रही है। पार्टी मुख्यमंत्री से मिलकर इन समस्याओं को उनके समक्ष रखेगी और समाधान की मांग करेगी।
उन्होंने अपने पिता और नाहन के पूर्व विधायक रहे सदानन्द चौहान के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए काम किया था। पार्टी उसी तरह जनता की समस्याओं को उठाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी।
कई नेताओं ने थामा पार्टी का दामन
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के प्रदेश संगठन के विस्तार की जानकारी दी गई। इस अवसर पर दिल्ली से आए पार्टी पदाधिकारी ब्रह्मदेव, युवा अध्यक्ष अभिमन्यु, अनवर, गुलेरिया, निशांत और मनोहर सहित कई लोगों के पार्टी में शामिल होने की जानकारी दी गई। प्रदेश अध्यक्ष ने नए सदस्यों का स्वागत किया।
इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन और संगठन विस्तार की प्रक्रिया जारी है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी। साथ हो उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है और जल्दी ही नई कार्यकारणी का गठन कर लिया जाएगा।











