203.52 करोड़ से बनेगा छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी मार्ग, सेब उत्पादकों को मिलेगा बड़ा लाभ
शिमला/सराहां। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र को 237.23 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पच्छाद के एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सराहां में छह विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इनमें पेयजल और सिंचाई योजनाओं के साथ 203.52 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण सड़क परियोजना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पच्छाद तहसील के तहत गिरि नदी से नारग-नोहरा, डिलमन, सरिया, महलोग लाल टीकर, दाड़ो देवरिया द्राबली, सरोल चमेंजी, वासनी और नैनाटिक्कर सहित विभिन्न गांवों के लिए 26.51 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का उद्घाटन किया।
इसके अलावा राजगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत छोग टाली और सानियो दीदग की विभिन्न बस्तियों के लिए 1.57 करोड़ रुपये की पेयजल योजना तथा ग्राम पंचायत शाया-सनोरा के धनच चुखरिया एवं आसपास के गांवों के लिए 1.25 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने जल शक्ति उपमंडल चंदोल के तहत मलोह मशोग और आसपास के गांवों के लिए 1.52 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना तथा पच्छाद तहसील की ग्राम पंचायत बणी-बखोली, सुरला-जनोट और साधना-घाट के विभिन्न गांवों के लिए 2.86 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना भी जनता को समर्पित की।
203.52 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 203.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी मार्ग का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ सेब उत्पादकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी।
सुक्खू ने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से बागवान अपने उत्पादों को बगीचों से मंडियों और संग्रहण केंद्रों तक अधिक आसानी से पहुंचा सकेंगे। परिवहन में लगने वाला समय कम होगा और फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को घटाने में भी मदद मिलेगी। इससे बागवानी उत्पादों की प्रमुख बाजारों तक पहुंच बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी मार्ग वैकल्पिक सड़क के रूप में वाहनों की सुचारू आवाजाही में भी सहायक होगा। उन्होंने कहा कि 237.23 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से पच्छाद क्षेत्र में आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और लोगों को पेयजल, सिंचाई तथा बेहतर सड़क जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।












