शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 2.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास, डे-बोर्डिंग स्कूल और गर्ल्स हॉस्टल को बताया बड़ी उपलब्धि
पालमपुर। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर बड़ा जोर दिया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में क्षेत्र की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मंगलवार को एक दिवसीय पालमपुर दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने करीब 2.5 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने गांव डाढ स्थित मेजर सोमनाथ शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 86 लाख रुपये की लागत से बने अतिरिक्त भवन का उद्घाटन किया। भवन में तीन नए कक्ष और एक सभागार का निर्माण किया गया है।
इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राख में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो अतिरिक्त कमरों की आधारशिला रखी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिद्धपुर सरकारी में 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षा विभाग का दायित्व संभालने के बाद पालमपुर में शिक्षा क्षेत्र के लिए 20 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला गर्ल्स हॉस्टल और 5 करोड़ रुपये का राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और इसी का परिणाम है कि शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल की राष्ट्रीय रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल की क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता की भी सराहना की।
दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पालमपुर के पुस्तकालय भवन और कंडवाड़ी में निर्माणाधीन राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी कई स्थानीय मांगों को पूरा करने की भी घोषणा की।
विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विभागों की करीब 1300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और आने वाले समय में भी विकास की गति जारी रहेगी।
पालमपुर के शिक्षा क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात
साढ़े तीन वर्षों में 20 करोड़ रुपये की शैक्षणिक परियोजनाएं स्वीकृत।
2.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास।
डाढ स्कूल में 86 लाख रुपये का अतिरिक्त भवन विद्यार्थियों को समर्पित।
राख स्कूल में दो नए कमरों के निर्माण का शुभारंभ।
सिद्धपुर सरकारी स्कूल में 55 लाख रुपये के अतिरिक्त भवन का उद्घाटन।
5-5 करोड़ रुपये की लागत से गर्ल्स हॉस्टल और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल निर्माणाधीन।
पालमपुर में विभिन्न विभागों की 1300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी।












