एनडीएमए की सदस्य रीता मिसाल की अध्यक्षता में हुई बैठक, विभागों को तय समय में काम पूरा करने के निर्देश
शिमला। प्रदेश में आपदा के बाद पुनर्निर्माण और पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए गुरुवार को राजस्व विभाग (आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ) की ओर से पीडीएनए-2023 रिकवरी एवं रिकंस्ट्रक्शन प्लान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता #Rita_Missal ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पीडीएनए 2023 के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान स्वीकृत परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय स्थिति का आकलन किया गया और सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में एनडीएमए के संयुक्त सलाहकार (ऑपरेशन) कर्नल संजीव कुमार शाही, कमांडेंट जीएस राजत मल्होत्रा, सहायक सलाहकार और संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे। विभागों ने पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर विस्तृत प्रस्तुतियां भी दीं।
बैठक में कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया गया। राज्य सरकार ने पीडीएनए 2023 योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए ‘बिल्डिंग बैक बेटर’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की बात कही।
इसके अलावा, राज्य सरकार ने READI-HP परियोजना के तहत परियोजना प्रबंधन सलाहकार (PMC) सेवाओं के लिए एम/एस आईपीई ग्लोबल लिमिटेड के साथ अनुबंध प्रक्रिया को भी अंतिम रूप देने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए 9 जुलाई को मुख्य सचिव कार्यालय में अनुबंध हस्ताक्षर की तिथि तय की गई है।












