Advertisement

अभियान: प्रदेशभर में एंटी-चिट्टा अभियान, 573 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन

Spread the love
840 संदिग्धों की स्क्रीनिंग, 2.57 ग्राम चिट्टा बरामद

दो गिरफ्तार, 1774 वाहनों की जांच और 169 कोटपा चालान


शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी एंटी-चिट्टा अभियान के दूसरे चरण के तहत सोमवार को पुलिस ने प्रदेशभर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 573 निर्जन, एकांत और अर्ध-सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाशी ली गई। अभियान के दौरान 2.57 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के तहत सुनसान पहाड़ी क्षेत्रों, जंगलों, परित्यक्त भवनों, खाली कमरों, पार्किंग स्थलों, नदी किनारों, पुराने बस स्टैंड और गैराज शेड जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और तलाशी अभियान चलाया गया। आवश्यकता के अनुसार गांवों और शहरों में संदिग्ध व्यक्तियों के मूत्र नमूने लेकर रैंडम स्क्रीनिंग भी की गई।


उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 840 संदिग्ध व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 114 लोगों के मूत्र के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इसके अलावा 1774 वाहनों की तलाशी ली गई, 169 कोटपा चालान किए गए तथा एक नया मामला दर्ज किया गया।


पुलिस ने नशा विरोधी जन-जागरूकता अभियान के तहत 885 चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर ‘नो ड्रग एब्यूज हेयर’ सूचना बोर्ड और पोस्टर भी लगाए हैं, ताकि लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके और ऐसे स्थानों पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।


प्रवक्ता ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाना तथा प्रदेश में सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण स्थापित करना है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि चिट्टा या अन्य मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल जानकारी 112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।