नाहन-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनेठी के पास हादसा, मिड-डे मील वर्कर की मौके पर गंभीर चोटें; अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने शुरू की जांच
नाहन। सिरमौर जिले में नाहन-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस वाहन की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा बनेठी के समीप निहोग गांव के पास हुआ। पुलिस ने सरकारी वाहन चला रहे पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो पुलिस कांस्टेबल एक कैदी को सोलन स्थित विशेष अदालत में पेश करने के बाद सरकारी वाहन से नाहन लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन चालक कथित रूप से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पैरापिट पर बैठी बाला देवी को टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बाला देवी को तुरंत डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतका स्थानीय स्कूल में मिड-डे मील वर्कर थीं और घटना के समय गांव के समीप पशु चरा रही थीं।
पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि सरकारी वाहन चला रहे पुलिस कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों पुलिस कर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा उनके रक्त के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट के साथ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुआ।












