Advertisement

नादौन पहुंची प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा, 26 जुलाई को शिमला में होगा विशाल प्रदर्शन

Spread the love
5,000 जेबीटी पद खाली होने और न्यू कंपलेक्स सिस्टम सहित 25 मांगों को लेकर सरकार पर साधा निशाना, प्राथमिक स्कूलों की स्थिति पर उठाए सवाल


हमीरपुर/नादौन। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश की ‘प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा’ सोमवार को मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र नादौन पहुंची। यात्रा के नादौन पहुंचने पर स्थानीय प्राथमिक शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े लोगों ने राज्य अध्यक्ष रमेश शर्मा और उनकी टीम का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया।


यात्रा की शुरुआत इंद्र पाल चौक में महान क्रांतिकारी एवं लेखक स्वर्गीय पंडित इंद्र पाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद पदयात्रा नादौन पुल से बड़ी रैली के रूप में बाजार से गुजरी, जहां शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।


यात्रा का नेतृत्व कर रहे राज्य अध्यक्ष रमेश शर्मा के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र केवला और नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के पूर्व उपाध्यक्ष संजीव शर्मा भी शामिल रहे। दोनों नेताओं ने यात्रा के दौरान शिक्षकों और समर्थकों में उत्साह का संचार किया।
इस दौरान शिक्षक संघ ने न्यू कंपलेक्स सिस्टम और अपनी 25 अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।

संघ ने आरोप लगाया कि प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में 5,000 से अधिक जेबीटी शिक्षकों के पद खाली हैं, जबकि 3,000 से ज्यादा प्राथमिक विद्यालय केवल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं और कई स्कूलों में शिक्षक तक नहीं हैं।


संघ ने सवाल उठाया कि जब स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है तो रिक्त पदों को क्यों नहीं भरा जा रहा। संघ का कहना है कि ऐसी स्थिति में अभिभावक सरकारी स्कूलों में अपने बच्चों का दाखिला कैसे कराएंगे। साथ ही प्राथमिक शिक्षकों पर जनगणना और चुनावी ड्यूटी का अतिरिक्त बोझ डालने का भी विरोध किया गया।


शिक्षक संघ ने आरोप लगाया कि यह सरकारी स्कूलों को कमजोर करने की साजिश है और इससे प्रदेश के लगभग 60 हजार प्रशिक्षित बेरोजगार जेबीटी अभ्यर्थियों के साथ भी अन्याय हो रहा है।
संघ ने बताया कि न्याय यात्रा 25 जुलाई को शिमला पहुंचेगी, जबकि 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।


पदयात्रा में जिला हमीरपुर इकाई के अध्यक्ष देशराज शर्मा, महासचिव कुशल शर्मा, जिला कार्यकारिणी के सदस्य तथा विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्राथमिक शिक्षक शामिल रहे।