ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और शिमला में तेज बारिश, बिजली और 40 किमी प्रतिघंटा तक तेज हवाओं की संभावना
शिमला। हिमाचल प्रदेश में गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पूर्वानुमान के अनुसार ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, कांगड़ा, सिरमौर और शिमला जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें एक-दो स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। वहीं चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने का अनुमान है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।
रविवार को प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद भुंतर और नेरी में 35.2 डिग्री, मंडी में 34.2 डिग्री, सुंदरनगर 34 डिग्री, ऊना 33.8 डिग्री, ताबो 32.1 डिग्री, कांगड़ा 32.3 डिग्री, चंबा 31.6 डिग्री, सोलन 30.5 डिग्री और धर्मशाला 30 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मनाली 28.6 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 28.8 डिग्री, मशोबरा 26.3 डिग्री, कल्पा 26.4 डिग्री, कुफरी 21.7 डिग्री, नारकंडा 21.5 डिग्री और केलांग 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव, दृश्यता कम होने, कच्ची सड़कों को नुकसान, फिसलन बढ़ने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। किसानों को कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।












