मुख्यमंत्री सुक्खू ने की दो बड़ी घोषणाएं, बोले- प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से हो रहा विस्तार
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि शिमला स्थित डेंटल कॉलेज का नाम बदलकर राजीव गांधी डेंटल कॉलेज, शिमला किया जाएगा। साथ ही हमीरपुर में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से डेंटल हेल्थ रिसर्च सेंटर स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेंटर से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों को आधुनिक व बेहतर दंत चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री शिमला में एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया #AOMSI के हिमाचल प्रदेश स्टेट चैप्टर के चौथे वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स सिर्फ मरीजों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि उन्हें नया आत्मविश्वास और बेहतर जीवन भी देते हैं।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव ला रही है। आज सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी और 3 टेस्ला एमआरआई जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने चिकित्सकों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कई फैसले लिए हैं। जल्द ही डेंटल चिकित्सकों के साथ भी विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि डेंटल कॉलेजों और अस्पतालों में सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिमला से पढ़कर निकले डॉक्टर देश और विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से हिमाचल के डॉक्टर प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, डेंटल कॉलेज शिमला के प्राचार्य डॉ. योगेश भारद्वाज, एओएमएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता, हिमाचल प्रदेश स्टेट चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. रंगीला राम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।












