कांग्रेस का आंदोलन का ऐलान, भाजपा से जवाब मांगने की तैयारी; शिमला के राम मंदिर में होगी पूजा-अर्चना
शिमला। अयोध्या के ऐतिहासिक राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर देशभर में राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इसी बीच मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार सुबह अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ शिमला के राम बाजार स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। आधिकारिक तौर पर यह धार्मिक कार्यक्रम है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे कांग्रेस की ओर से मौजूदा विवाद के बीच एक राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे राम बाजार स्थित राम मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान उनके साथ राज्य मंत्रिमंडल के सहयोगी भी मौजूद रहेंगे।
उधर, कांग्रेस ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर भाजपा पर हमला तेज करने की रणनीति बनाई है। पार्टी की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में प्रदेशभर में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में भाजपा को जनता के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
पार्टी नेताओं के अनुसार, संगठन स्तर पर भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा और विभिन्न जिलों में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस का आरोप है कि आस्था से जुड़े इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मंदिर दौरे और कांग्रेस के आंदोलन के ऐलान के बीच यह मुद्दा अब हिमाचल की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है। ऐसे में शिमला के राम मंदिर में होने वाली पूजा-अर्चना को धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।












