देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई को देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे संवेदनशील रह सकते हैं, इसलिए सभी संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।












