50वीं बुशहर क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में शिक्षा मंत्री ने की शिरकत, युवक मंडल को 75 हजार देने की घोषणा
रोहड़ू। हिमाचल के शिक्षा मंत्री Rohit Thakur ने कहा कि युवाओं के जीवन में खेलों का विशेष महत्व है और खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं बल्कि युवाओं के चरित्र निर्माण, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।
शिक्षा मंत्री मंगलवार को रोहड़ू के शीलघाट में आयोजित 50वीं बुशहर क्रिकेट खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्थानीय युवक मंडल को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पहाड़ी प्रदेश होने के बावजूद क्रिकेट जैसे खेलों के लिए पर्याप्त बड़े और समतल मैदानों की कमी के बीच इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करना सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1976 से शुरू हुई बुशहर कप प्रतियोगिता आज ऐतिहासिक पहचान बना चुकी है और 50 वर्षों का सफर तय करना गौरव की बात है। इस प्रतियोगिता में केवल स्थानीय ही नहीं बल्कि उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी भी हिस्सा लेते रहे हैं, जो इसकी लोकप्रियता और महत्व को दर्शाता है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास के साथ-साथ युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर गंभीर है और इसके उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जुब्बल के डकैड़ गांव में 17 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है।
उन्होंने कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस सत्र से बच्चों की पढ़ाई शुरू हो चुकी है और शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी। इसके निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बागवानी को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सेब हिमाचल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और बागवानों के हितों की रक्षा के लिए जल्द ही जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के जनप्रतिनिधियों के साथ केंद्र सरकार से बातचीत की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय युवक मंडल को 75 हजार रुपये देने की घोषणा की। प्रतियोगिता में फागू टीम विजेता और ननखड़ी टीम उपविजेता रही, जिन्हें क्रमशः 3 लाख और 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।।समारोह में Mohan Lal Brakta सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।













Leave a Reply