Advertisement

साल के अंत तक प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज होंगे आधुनिक उपकरणों से लैस: मुख्यमंत्री

Spread the love
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में बोले सुक्खू, 75 करोड़ से बनेंगी अत्याधुनिक लैब; टांडा और हमीरपुर में भी लगेगी PET स्कैन मशीन


शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों को इस वर्ष के अंत तक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस कर दिया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने गुरुवार शाम स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को मेडिकल कॉलेजों में आधारभूत ढांचे और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में तेजी लाने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ की कमी दूर करने के लिए सरकार ने हजारों पदों पर भर्ती की है। एम्स, नई दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि टांडा मेडिकल कॉलेज, डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर और एआईएमएसएस चमियाणा में अत्याधुनिक जांच प्रयोगशालाओं की स्थापना के लिए 75 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।


उन्होंने बताया कि आईजीएमसी शिमला में PET स्कैन मशीन स्थापित की जा चुकी है, जबकि टांडा और हमीरपुर मेडिकल कॉलेजों के लिए PET स्कैन मशीनों की खरीद प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा 71 पैरामेडिकल पदों और 50 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है तथा 162 नए पैरामेडिकल पद भी स्वीकृत किए गए हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक बैच में 60 विद्यार्थियों की संख्या सुनिश्चित की जाएगी। आईजीएमसी शिमला में तीन लेक्चर थिएटर और एक परीक्षा भवन के निर्माण के लिए 5.76 करोड़ रुपये तथा टांडा मेडिकल कॉलेज में लेक्चर थिएटर निर्माण के लिए अतिरिक्त 14.13 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।उन्होंने बताया कि एआईएमएसएस चमियाणा में 23.75 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 42 करोड़ रुपये की लागत से अतिरिक्त ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाएं पूरी होने और आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध होने के बाद प्रदेशवासियों को घर के नजदीक ही उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।