Advertisement

शिमला के 5 मंदिर ट्रस्ट होंगे डिजिटल, इसी महीने लॉन्च होंगी वेबसाइटें

Spread the love
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने समीक्षा बैठक में दिए एक सप्ताह में काम पूरा करने के निर्देश

ऑनलाइन दान, पूजा बुकिंग और शिकायत पोर्टल जैसी सुविधाएं होंगी उपलब्ध


शिमला। जिला शिमला के पांच प्रमुख मंदिर ट्रस्ट जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नजर आएंगे। इन ट्रस्टों की आधिकारिक वेबसाइटों के निर्माण को लेकर मंगलवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वेबसाइट निर्माण की प्रगति, श्रद्धालुओं को दी जाने वाली ऑनलाइन सुविधाओं और कार्य की समयसीमा पर विस्तार से चर्चा हुई।


उपायुक्त अनुपम कश्यप ने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी एजेंसी को निर्देश दिए कि सभी वेबसाइटों का निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए, ताकि इन्हें इसी माह लॉन्च किया जा सके।

उन्होंने कहा कि वेबसाइटों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिरों का इतिहास, धार्मिक महत्व, पूजा-अर्चना का समय, प्रमुख मेलों व उत्सवों की जानकारी, ऑनलाइन दान, आरती एवं विशेष पूजा की बुकिंग जैसी सुविधाएं घर बैठे मिल सकेंगी।


उन्होंने निर्देश दिए कि वेबसाइटें उपयोगकर्ता-अनुकूल हों और सभी महत्वपूर्ण जानकारियां हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही साइबर सुरक्षा, नियमित अपडेट और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने को कहा।


बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के पांचों मंदिर ट्रस्टों में रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञापन एक ही दिन जारी किया जाएगा। इसके लिए सभी मंदिर अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं इसी सप्ताह पूरी करने के निर्देश दिए गए।


समीक्षा बैठक में मंदिर ट्रस्टों की आय-व्यय संबंधी जानकारी, संपर्क विवरण, श्रद्धालुओं के लिए शिकायत एवं सुझाव पोर्टल तथा धार्मिक आयोजनों की अद्यतन जानकारी वेबसाइटों पर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।


उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के अधिक उपयोग से श्रद्धालुओं को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं मिलेंगी तथा मंदिर ट्रस्टों के कार्यों में दक्षता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।


बैठक में संबंधित मंदिर ट्रस्टों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जबकि एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, अन्य अधिकारी तथा तकनीकी एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।