Advertisement

तैयारी: सेब सीजन के लिए शिमला पुलिस का ट्रैफिक प्लान तैयार, 300 पुलिसकर्मी संभालेंगे व्यवस्था

Spread the love
भट्टाकुफर मंडी में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक, शोघी-छराबड़ा समेत प्रमुख स्थानों पर 24×7 नाके और कंट्रोल रूम होंगे सक्रिय


शिमला। सेब सीजन-2026 के दौरान सेब परिवहन को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए शिमला पुलिस ने व्यापक यातायात प्रबंधन योजना लागू की है। मानसून के दौरान संभावित भूस्खलन, सड़क अवरोध और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से यह योजना तैयार की गई है, ताकि सेब की ढुलाई प्रभावित न हो और आम लोगों को भी कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

योजना के तहत भट्टाकुफर (फल मंडी ढली), शोगी, बेखलटी (फागू), मेहली, छराबड़ा और मशोबरा बाइफरकेशन सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस नाके और बैरियर स्थापित किए जाएंगे। शोगी और छराबड़ा में 24 घंटे पुलिस नाके सक्रिय रहेंगे, जहां वाहनों की चरणबद्ध आवाजाही, यातायात की निगरानी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा कुड्डू, फागू, नैणा, गुम्मा (नेरवा), बालाग और शोगी में 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। यहां सेब परिवहन में लगे चालकों और सहायकों के दस्तावेजों का सत्यापन, पहचान पत्र जारी करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का कार्य किया जाएगा।

भट्टाकुफर फल मंडी क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। सेब से लदे ट्रक और अन्य भारी मालवाहक वाहनों को शिमला शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को ढली-मेहली-शोगी बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं, सेब से लदे ट्राले सुबह 5 बजे से रात 8:30 बजे तक ठियोग-शिमला मार्ग पर नहीं चल सकेंगे। ढली चौक से भट्टाकुफर तक पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, जबकि प्रतीक्षारत वाहनों के लिए ढली-फागू मार्ग पर अलग स्थान चिन्हित किए गए हैं।

सेब उत्पादक क्षेत्रों ठियोग, रामपुर, रोहड़ू और चौपाल में भी विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। इन क्षेत्रों में नियंत्रण कक्ष, होल्डिंग प्वाइंट, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग स्थल और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

शिमला पुलिस ने बताया कि यातायात प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय से सात अतिरिक्त रिजर्व उपलब्ध कराए गए हैं। पूरे सेब सीजन के दौरान जिले में करीब 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे।

शिमला पुलिस ने बागवानों, ट्रांसपोर्टरों, आढ़तियों, पर्यटकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और समय का पालन करें, फल मंडियों के आसपास अनावश्यक पार्किंग से बचें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का सहयोग करें, ताकि सेब सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।