SJPNL की लोगों से अपील- बरसात के मौसम में 10 मिनट तक उबालकर ही करें पेयजल का उपयोग
शिमला। मानसून के दौरान जलजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (SJPNL) ने लोगों से सतर्क रहने और पानी उबालकर पीने की अपील की है।
निगम ने कहा है कि बारिश के मौसम में शरीर संक्रमण की चपेट में जल्दी आता है और इस दौरान पीलिया, हैजा तथा अन्य गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (पेट संबंधी) बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
SJPNL के अनुसार, बरसात के मौसम में जल स्रोतों में गंदलापन (टर्बिडिटी) बढ़ जाता है। हालांकि केवल गंदला पानी सीधे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं होता, लेकिन इससे पानी के शुद्धिकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, जिससे बैक्टीरिया, वायरस और परजीवी जैसे हानिकारक सूक्ष्मजीव पनपने की आशंका बढ़ जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि पेयजल को कम से कम 10 मिनट तक अच्छी तरह उबालने के बाद ही उसका सेवन करें। साथ ही, जहां संभव हो, फिल्टर किए गए पानी का ही उपयोग करें।
SJPNL ने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी बरसात के मौसम में कई गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी उपाय साबित हो सकती है।












