Advertisement

एचपीयू कोर्ट की 36वीं बैठक संपन्न, वार्षिक रिपोर्ट और ऑडिट रिपोर्ट को मिली मंजूरी

Spread the love
राज्यपाल एवं कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक, विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, वित्तीय और विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा


शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की 36वीं कोर्ट बैठक मंगलवार को विश्वविद्यालय समिति कक्ष में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। विश्वविद्यालय का सर्वोच्च वैधानिक निकाय मानी जाने वाली इस बैठक में विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट (2023-24) और वार्षिक लेखा परीक्षण (2019-20) रिपोर्ट को मंजूरी प्रदान की गई।


बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक, वित्तीय और विकासात्मक कार्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही विश्वविद्यालय के समग्र विकास, गुणवत्ता सुधार और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर सदस्यों ने अपने सुझाव भी दिए।


इस अवसर पर कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, चल रही विकास परियोजनाओं, विभिन्न अकादमिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने विश्वविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और अधोसंरचना विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी सदस्यों को अवगत कराया।


बैठक में विधायक हरीश जनारथा, विधायक चन्द्रशेखर, विधायक सुरेश कुमार, शिक्षा सचिव डॉ. राकेश कंवर, उच्च शिक्षा निदेशक, कुलसचिव ज्योति राणा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एस.एल. कौशल सहित विश्वविद्यालय कोर्ट के सदस्य, कार्यकारी परिषद के सदस्य तथा विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।